शिक्षक एमएलसी चुनाव: गोण्डा में सात सदस्यीय MCMC गठित, पेड-न्यूज पर रहेगी पैनी नजर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा, 24 सितंबर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए गोण्डा में जिला स्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनीटरिंग कमेटी (MCMC) का गठन किया गया है। समिति चुनाव के दौरान मीडिया में प्रकाशित और प्रसारित होने वाली खबरों, विज्ञापनों तथा प्रचार सामग्री की निगरानी करेगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देश पर गठित समिति की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी करेंगी। समिति में सभी उपजिलाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, मुख्य कोषाधिकारी तथा दूरदर्शन केंद्र गोण्डा के अभियान्त्रिक सहायक को सदस्य बनाया गया है। जनसंपर्क अधिकारी/अपर जिला सूचना अधिकारी को समिति का सदस्य सचिव नामित किया गया है।

MCMC द्वारा विशेष रूप से पेड-न्यूज की सघन निगरानी और जांच की जाएगी। निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप मीडिया में प्रकाशित अथवा प्रसारित सामग्री की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन ने समिति के सदस्यों को आयोग के निर्देशों के अनुसार अपने दायित्वों का प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मीडिया मॉनीटरिंग और प्रमाणन से संबंधित सभी आवश्यक कार्यवाही निर्धारित समय में पूरी करने को कहा गया है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें