20वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र, लखनऊ में 209 अभ्यर्थियों को मिली नौकरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में आयोजित 20वें रोजगार मेले को संबोधित किया। इस दौरान केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। देशभर में 45 स्थानों पर आयोजित रोजगार मेले के तहत लखनऊ में भी कार्यक्रम हुआ, जहां 209 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए।

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयकर विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद उन्होंने विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में चयनित 40 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।इस अवसर पर कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि सरकारी नौकरी को केवल जीविका का साधन नहीं, बल्कि देश सेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान का अवसर समझना चाहिए। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं से पूरी सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल जैसी पहलों से रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा हुए हैं। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत वर्ष 2015 से अब तक 1.64 करोड़ से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिए जाने तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से मार्च 2026 तक 39 लाख करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किए जाने की जानकारी भी दी।

रोजगार मेले के माध्यम से चयनित युवा आयकर विभाग, डाक विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, EPFO और ESIC समेत केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में सेवाएं देंगे। रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए सशक्त बनाना है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें