


माइक्रो इरीगेशन और आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए किसानों को करें जागरूक
गोण्डा, 16 सितम्बर 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एकीकृत बागवानी विकास मिशन, मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना, पर ड्राप मोर क्राप-माइक्रो इरीगेशन तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) की प्रगति पर चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यान एवं कृषि आधारित योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए किसानों को पात्रता, अनुदान और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
माइक्रो इरीगेशन पर जोर
पर ड्राप मोर क्राप योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने जल संरक्षण के साथ आधुनिक सिंचाई तकनीकों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को ड्रिप एवं अन्य सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियों के प्रति जागरूक करने तथा कम पानी में अधिक उत्पादन के लिए तकनीक अपनाने पर जोर दिया।
बागवानी और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा
एकीकृत बागवानी विकास मिशन और मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के तहत किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं पीएमएफएमई योजना की समीक्षा में स्थानीय स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने तथा किसानों और छोटे उद्यमियों को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
डीएम ने अधिकारियों से क्षेत्रवार प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, उपनिदेशक उद्यान, जिला उद्यान अधिकारी रश्मि शर्मा सहित किसान बंधु एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।





