कटरा घाट पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 20 लाख श्रद्धालुओं के जलाभिषेक को लेकर प्रशासन अलर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

29 गोताखोर, और 29 नावें और 16 सेक्टरों में निगरानी; सामाजिक कार्यकर्ताओं का भी लिया जा रहा सहयोग।

गोण्डा। कजरीतीज के पावन अवसर पर गोण्डा के कटरा घाट पर इस बार आस्था का विशाल सैलाब उमड़ने की संभावना है। करीब 20 लाख श्रद्धालु सरयू नदी से जल भरकर विभिन्न शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कटरा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। घाट पर सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

29 गोताखोर और 29 नावें रहेंगी तैनात

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए सरयू नदी के कटरा घाट पर 29 गोताखोरों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 4 नावों की निगरानी के लिए एक लेखपाल की नियुक्ति की गई है। गोताखोर नावों के माध्यम से शिवभक्तों और कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सहायता सुनिश्चित करेंगे।

घाट पर बैरिकेडिंग के साथ अतिरिक्त सीढ़ियों की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित घाट पर ही स्नान करें और वहीं से सरयू जल भरें, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

16 सेक्टरों में बांटा गया जिला

भीड़ और मेला व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी के लिए जिले को 16 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। ये अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

पार्किंग स्थलों पर पुलिस विभाग की निगरानी रहेगी। वहीं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से घाट और आसपास के रास्तों पर नजर रखी जाएगी। मेला प्रशासन के अनुसार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सामाजिक कार्यकर्ताओं का भी लिया जा रहा सहयोग

मेला व्यवस्थाओं में प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं का भी सहयोग लिया जा रहा है। मेला व्यवस्थापक वीरभद्र पांडेय ने बताया कि पहली बार पिछले सत्र में तत्कालीन करनैलगंज थाना प्रभारी तेज प्रताप सिंह द्वारा 25 वालंटियर्स की नियुक्ति की गई थी। ये वालंटियर्स मेले के दौरान श्रद्धालुओं की देखभाल और सहायता में जुटे रहते हैं।

उन्होंने बताया कि ये सभी वालंटियर्स समाजसेवा की भावना से बिना किसी दैनिक भत्ते के अपना योगदान देते हैं। भीड़ के दौरान श्रद्धालुओं को रास्ता बताने, आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और मेला व्यवस्था में सहयोग करने में इन स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग एवं घाट का ही प्रयोग करें, नदी में सावधानी बरतें और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस, प्रशासनिक कर्मचारियों तथा स्वयंसेवकों का सहयोग करें।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें