क्षेत्र पंचायत निधि के पारदर्शी उपयोग पर डीएम ने दिया जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता न करने और योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

गोण्डा, 8 सितंबर 2026।कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत निधि की स्वीकृति एवं ग्रामीण विकास योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक प्रमुख प्रशासक, खंड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

जिलाधिकारी ने क्षेत्र पंचायत निधि से प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि निधि का उपयोग पूरी पारदर्शिता, प्राथमिकता और जनहित को ध्यान में रखते हुए किया जाए। उन्होंने कहा कि निधि से ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जिनका सीधा लाभ अधिक से अधिक ग्रामीणों को मिल सके।

डीएम ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की स्वीकृति से लेकर उनके पूर्ण होने तक गुणवत्ता, निर्धारित मानकों और अभिलेखों का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही स्वीकृत कार्यों का नियमित निरीक्षण एवं स्थलीय सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने निर्माण कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता और कार्य की प्रगति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। कहा कि विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित न रहें, बल्कि उनका स्थायी और व्यापक जनोपयोग सुनिश्चित होना चाहिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समय से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराएं। अनावश्यक विलंब मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत आवश्यकताओं, क्षेत्र पंचायत निधि के प्रस्तावों, विकास कार्यों की प्रगति और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण करने तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी विकास खंडों के ब्लॉक प्रमुख प्रशासक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें