

महराजगंज, रायबरेली। लगातार हो रही बारिश के बीच चंदापुर थाना क्षेत्र के पूरे मेहरबान सिंह मजरे ज्योना गांव में एक गरीब परिवार का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आवास और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
गांव निवासी शिव मूरत पुत्र स्वर्गीय प्यारे लाल बाहर रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी पत्नी शिल्पी ने बताया कि उनके पति मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए हैं। वह अपने बच्चों के साथ कच्चे मकान में रह रही थीं, इसी दौरान लगातार बारिश के चलते मकान गिर गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
शिल्पी के मुताबिक मकान गिरने के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। उन्होंने बताया कि पक्के आवास के लिए उनके पति कई बार ग्राम प्रधान से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस मदद नहीं मिली।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के दावे किए जाते हैं, लेकिन उनका परिवार अभी भी पक्के मकान से वंचित है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराकर जल्द आवास एवं आवश्यक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
वहीं, मामले में उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम ने दूरभाष पर बताया कि लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के कई गांवों में कच्चे मकान और कोठरियां गिर रही हैं। उन्होंने संबंधित हल्का लेखपाल से तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश देने की बात कही, ताकि पीड़ित परिवार को शासन की ओर से अनुमन्य सहायता जल्द दिलाई जा सके।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







