हंसवा ड्रेन पर पुल की मांग, किसानों और ग्रामीणों ने उठाई आवाज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज/रायबरेली। तहसील क्षेत्र के सेमरहा गांव के पास हंसवा ड्रेन पर स्थायी पुल नहीं होने से रायबरेली और अमेठी सीमा से जुड़े ग्रामीणों व किसानों की परेशानी लगातार बनी हुई है। करीब दो किलोमीटर लंबे कच्चे मार्ग के बीच स्थित ड्रेन बरसात के दिनों में आवागमन में बड़ी बाधा बन जाता है। पानी और गहराई बढ़ने पर ग्रामीणों को खेतों तक पहुंचने के लिए करीब तीन किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है।

ग्रामीणों के मुताबिक ड्रेन के उस पार सैकड़ों बीघे कृषि भूमि है। पुल नहीं होने से किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दौरान महिलाओं और अन्य ग्रामीणों के लिए भी ड्रेन पार करना जोखिम भरा हो जाता है।

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को देखते हुए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि डब्बू सिंह के प्रयास से हर वर्ष हजारों रुपये खर्च कर लकड़ी का अस्थायी पुल तैयार कराया जाता है। इससे कुछ समय के लिए आवागमन सुगम हो जाता है, लेकिन पानी के तेज बहाव में यह स्थायी समाधान साबित नहीं होता।

स्थायी पुल निर्माण की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता बाबा राम केवल अनशनकारी और अधिवक्ता अंकुर अवस्थी के नेतृत्व में ग्रामीण व किसान हंसवा ड्रेन के पास एकत्र हुए। उन्होंने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की।

बाबा राम केवल अनशनकारी ने कहा कि देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से हंसवा ड्रेन की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान कराने की मांग की।

अधिवक्ता अंकुर अवस्थी ने बताया कि हंसवा ड्रेन पर पुल निर्माण का मुद्दा पहले भी उठाया जा चुका है। उनके अनुसार विधायक श्याम सुंदर भारती द्वारा वर्ष 2021-22 की याचिका में भी पुल निर्माण की मांग रखी गई थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय को भी अवगत कराया गया है और जल्द प्रयास किए जाने का आश्वासन मिला है।

ग्रामीण धर्मराज रावत और किसान सुखराम ने कहा कि पुल बनने से किसानों, मजदूरों और आसपास के गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने कच्चे मार्ग को पक्का कराने के साथ हंसवा ड्रेन पर स्थायी पुल निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि पुल बनने से रायबरेली और अमेठी सीमा से जुड़े गांवों के बीच आवागमन आसान होगा तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें