


महराजगंज/रायबरेली। लगातार हो रही बारिश के चलते महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के कक्के उर्फ भतीजेपुर गांव में किसान कौशल किशोर श्रीवास्तव की तीन कच्ची कोठरियां अचानक भरभराकर गिर गईं। हादसे में कोठरियों के भीतर रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय कोठरियों के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
बताया गया कि पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही तेज बारिश के कारण कच्ची कोठरियां कमजोर हो गई थीं। इसी बीच अचानक तीनों कोठरियां धराशायी हो गईं। कोठरियों के गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसान की मदद से मलबे में दबे सामान को बाहर निकाला।
घटना की सूचना किसान ने हल्का लेखपाल संदीप यादव को दी। सूचना पर पहुंचे लेखपाल ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण तीनों कच्ची कोठरियां गिरने की पुष्टि हुई है और मलबे में गृहस्थी का सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ है। नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।
पीड़ित किसान ने प्रशासन से बारिश से हुए नुकसान के एवज में उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने भी आपदा राहत के तहत पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








