महराजगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के मदनियां मजरे कोटवा मदनियां गांव से 14 वर्षीय किशोरी को कथित रूप से बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर महराजगंज कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में ग्राम मदनियां मजरे कोटवा मदनियां निवासी संतोष कुमार पुत्र भगौती प्रसाद लोध ने आरोप लगाया है कि गांव का ही बाबूलाल पुत्र रामराज उनकी 14 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका।
पीड़ित के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को उनके मोबाइल पर आरोपी के मोबाइल नंबर से उनकी पुत्री का फोन आया। फोन पर किशोरी ने बताया कि वह बाबूलाल के साथ गुजरात के बड़ोदरा में है और घर वापस नहीं आएगी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही किशोरी की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। किशोरी की सकुशल बरामदगी एवं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। मामले में विधिक प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






