
कर्नलगंज (गोण्डा)। कर्नलगंज क्षेत्र में कथित झोलाछाप चिकित्सक की लापरवाही से तीन वर्षीय मासूम बच्ची की हालत गंभीर होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद बच्ची के पूरे शरीर पर बड़े-बड़े छाले और घाव हो गए। गंभीर हालत में उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पीड़ित पिता ननकऊ, निवासी भुलियापुर, के अनुसार उनकी तीन वर्षीय बेटी रहिनुमा को 14 जुलाई को तेज बुखार होने पर वे उसे छतौनी चौराहे पर स्थित डॉ. अरविंद कुमार वर्मा के क्लीनिक पर ले गए। आरोप है कि वहां दो सिरप और एक इंजेक्शन दिया गया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही समय बाद बच्ची की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और उसके शरीर पर छाले निकल आए। परिजन पहले उसे मुस्तफाबाद सीएचसी ले गए, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बहराइच और बाद में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पीड़ित पिता ने 29 जुलाई को सीएचसी अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) गोंडा डॉ. संतलाल पटेल तथा कोतवाली कर्नलगंज में लिखित शिकायत देकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं, सीएचसी अधीक्षक अनुज कुमार का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। जबकि पीड़ित का दावा है कि उन्होंने कार्यालय में शिकायत पत्र जमा कर उसकी प्राप्ति रसीद भी ली है।
मामले पर भंभुआ चौकी प्रभारी मृत्युंजय सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को घटना से अवगत करा दिया गया है। विभागीय रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक आरोपी चिकित्सक का मोबाइल फोन बंद मिला।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों पर तत्काल कार्रवाई, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा पीड़ित बच्ची के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने की मांग की है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







