24 घंटे में चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चोरी के शत-प्रतिशत जेवरात बरामद, दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी आया सामने।

बाराबंकी। थाना रामसनेहीघाट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की एक वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गए सभी जेवरात बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक बाराबंकी श्री अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ और चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे के अभियान के तहत थाना रामसनेहीघाट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिरजू पुत्र मुन्नालाल निवासी ग्राम नारायनपुर तथा आकाश पाण्डेय पुत्र रामकुमार पाण्डेय निवासी आलागनी का पुरवा को चन्दौली मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 27/28 जुलाई की रात ग्राम नारायनपुर स्थित एक घर में चोरी की थी। इस संबंध में थाना रामसनेहीघाट में मुकदमा संख्या 283/2026, धारा 305 एवं 331(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन पीली धातु के लॉकेट, एक सफेद धातु का कमरबंद, दो हाथफूल सहित दस अंगूठियां, 13 जोड़ी बिछिया तथा लाल-पीले मोतियों की एक माला बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बिरजू के विरुद्ध पूर्व में चोरी, आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि आकाश पाण्डेय पर एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मामले पहले से दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दिव्याशंकर द्विवेदी, उपनिरीक्षक शोभीत शुक्ला, हेड कांस्टेबल शरद यादव तथा हेड कांस्टेबल अजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें