सीपी प्लस कैमरा, परचून का सामान, नकदी, बाइक व लोहे की रॉड बरामद; 21 जुलाई की वारदात का पुलिस ने किया खुलासा
बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सफदरगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने परचून की दुकान में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सीपी प्लस कैमरा, विभिन्न प्रकार की परचून एवं खाद्य सामग्री, 3,000 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल तथा लोहे की रॉड बरामद की गई है।
थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को बबुरिहा जाने वाले मार्ग पर सेमरी मोड़ के पास तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवनसुत पुत्र मुन्नू तथा आशीष पुत्र रामकिशोर यादव निवासी ग्राम प्यारेपुर सरैया थाना सफदरगंज एवं दीप चन्द्र पुत्र लल्लू निवासी ग्राम चाँदपुर थाना रामनगर के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 21 जुलाई 2026 की रात ग्राम पंडरी स्थित एक परचून की दुकान का ताला तोड़कर चोरी की थी। इस संबंध में थाना सफदरगंज में पहले से मुकदमा दर्ज था। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचकर पूरी वारदात का खुलासा कर दिया।
बरामदगी में एक सीपी प्लस कैमरा, विभिन्न प्रकार की खाद्य एवं परचून सामग्री, 3,000 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UP 41 BQ 3266 तथा एक लोहे की रॉड शामिल है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पवनसुत के विरुद्ध कोठी एवं टिकैतनगर थानों में चोरी सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं दीप चन्द्र के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत भी एक मामला दर्ज है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक ऋषभ सिंह चंदेल, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल मनीष गुप्ता तथा आरक्षी अजय बुंदेला की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।









