सहारनपुर में कांवड़ यात्रा को लेकर हाई अलर्ट, पूरे मार्ग पर ATS की तैनाती; SSP ने वॉलंटियर्स को दिए दिशा-निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सहारनपुर। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। यात्रा के मद्देनजर पूरे कांवड़ मार्ग पर हाई अलर्ट घोषित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) की यूनिट भी पूरे मार्ग पर तैनात रहेगी।

इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अभिनंदन ने सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स, ट्रैफिक वार्डन्स, स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) और डिजिटल वॉलंटियर्स के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सभी स्वयंसेवकों ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।

एसएसपी ने बताया कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। वहीं 4 अगस्त को चहलूम का पर्व भी होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। स्वयंसेवकों को भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आपात स्थिति में पुलिस की सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि अस्थायी पुलिस चौकियों पर एसपीओ और ट्रैफिक वार्डन्स की तैनाती की जाएगी। कांवड़ मार्ग पर रूट डायवर्जन लागू कर यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पीएसी की तीन कंपनियां, आरएएफ, जनपद पुलिस के साथ-साथ बाहरी जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जा रहा है।

एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि पूरे कांवड़ मार्ग पर ATS की विशेष यूनिट संभावित आतंकी गतिविधियों और संवेदनशील इनपुट पर नजर रखेगी। इसके अलावा विभिन्न खुफिया एजेंसियों से लगातार इंटेलिजेंस इनपुट लिए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि वर्दीधारी और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी, ड्रोन कैमरों और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। अफवाह फैलाने, माहौल बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान सहयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें