लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल फील्ड में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा जनहानि, पशु हानि और आर्थिक नुकसान का तत्काल आकलन कर राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर अनुमन्य मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
सीएम योगी ने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों से लगातार संवाद बनाए रखने और राहत कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से आकाशीय बिजली के दौरान घरों से बाहर न निकलने तथा अतिवृष्टि की स्थिति में नदियों और जलाशयों से दूर रहने की अपील की है।
प्रदेश के कई जिलों में नदियों का जलस्तर चेतावनी निशान से ऊपर पहुंच गया है, जिसके चलते प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








