रायबरेली में पागल कुत्ते का आतंक: बच्चों समेत 8 ग्रामीणों को काटा, संक्रमित गाय ने भी मचाया हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज (रायबरेली)। महराजगंज क्षेत्र के मोन गांव में एक आवारा पागल कुत्ते के आतंक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक कुत्ते ने बच्चों सहित आठ ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया।

ग्रामीणों के अनुसार, कुत्ते के पागल होने का पता तब चला जब वह लगातार राह चलते लोगों पर हमला करने लगा। हालात बिगड़ने पर ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाद में कुत्ते को मार दिया गया।

घटना के बाद एक नया संकट तब खड़ा हो गया जब कुत्ते के काटने से एक पशुपालक की जर्सी गाय भी असामान्य व्यवहार करने लगी। ग्रामीणों का आरोप है कि गाय ने मोन से नारायनपुर मार्ग पर कई घंटों तक आने-जाने वाले लोगों और वाहनों को परेशान किया तथा कुछ वाहनों को नुकसान भी पहुंचाया।

ग्रामीणों ने डायल पुलिस को सूचना दी, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस स्थिति को नियंत्रित नहीं कर सकी। इसके बाद ग्रामीण अपनी सुरक्षा के लिए लाठी-डंडों के साथ सतर्क रहे।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमरेश कुमार ने बताया कि मामले की सूचना पशु चिकित्सक को दे दी गई है और गाय को सुरक्षित पकड़ने के लिए जल्द ही रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन से ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें