महराजगंज (रायबरेली):महराजगंज थाना क्षेत्र के रतनपुर मजरे थुलवासा गांव में नाली की खुदाई को लेकर रविवार सुबह विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि नाली खोदने का विरोध करने पर चार लोगों ने एक युवक पर लाठी और फावड़े से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित राममिलन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के दयाराम, आशाराम, सचिन और विपिन जबरन नाली की खुदाई कर रहे थे। विरोध करने पर सभी आरोपी गाली-गलौज पर उतारू हो गए और लाठी व फावड़े से हमला कर दिया। हमले में राममिलन के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों को देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक जगदीश यादव ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

