महराजगंज/रायबरेली। बिहार के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर प्रकरण को लेकर बछरावां विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी विधायक श्याम सुंदर भारती ने पहली बार खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए केंद्र और बिहार सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
विधायक श्याम सुंदर भारती ने कहा कि भरत भूषण तिवारी समाज के गरीब, शोषित, वंचित और पिछड़े वर्ग के लोगों की आवाज बनकर अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करते रहे। उनका दावा है कि सरकारी अभिलेखों में भरत भूषण तिवारी के खिलाफ कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि वे वास्तव में अपराधी होते तो उनके निधन के बाद अंतिम यात्रा में उमड़ी भारी भीड़ और देशभर में व्यक्त की जा रही संवेदनाएं देखने को नहीं मिलतीं।
सपा विधायक ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी बात रखने वाले लोगों की आवाज दबाने की प्रवृत्ति लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं और पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
श्याम सुंदर भारती ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से भरत भूषण तिवारी की आत्मा की शांति की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पीड़ित परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता, माता-पिता को सम्मानजनक पेंशन, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा भरत भूषण तिवारी को शहीद का दर्जा दिए जाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि मामले में पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो जनता का कानून और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर विश्वास कमजोर हो सकता है। उन्होंने सरकार से दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी की।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






