
महराजगंज/रायबरेली। विकास खंड महराजगंज की ग्राम पंचायत पारा कला ने बीते पांच वर्षों में विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। करीब पांच हजार की आबादी और आठ मजरों वाली इस ग्राम पंचायत में सड़क, नाली, पेयजल, शिक्षा, स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं, जिनकी ग्रामीणों द्वारा सराहना की जा रही है।
ग्राम पंचायत पारा कला में पारा कला, पूरे सर्वजीत, दखिनहा, पूरे मन्नू, पूरे धौकल, कूटी, पूरे बजरंगी और पूरे अर्जुनहा सहित आठ गांव शामिल हैं। लगभग 1950 मतदाताओं वाली इस पंचायत में ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान कार्यकाल में वर्षों से लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया है।
प्रधान प्रतिनिधि हरिशंकर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को आधार बनाकर बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि पंचायत में लगभग 500 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क, 500 मीटर खड़ंजा और 400 मीटर पक्की नालियों का निर्माण कराया गया। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का कायाकल्प, पंचायत भवन की मरम्मत, अंत्येष्टि स्थल तथा कूड़ाघर का निर्माण भी कराया गया।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायत में पानी की टंकी का निर्माण कराया गया, जिससे ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। पंचायत में निर्मित एमडीएम (मिड-डे मील) शेड का उद्घाटन मंडलायुक्त रोशन जैकब एवं तत्कालीन जिलाधिकारी हर्षिता माथुर द्वारा किया गया था, जिसे आज भी ग्रामीण विकास की बड़ी उपलब्धि मानते हैं।
प्रधान प्रतिनिधि के अनुसार लगभग 100 पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया गया, जबकि करीब 200 वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग लाभार्थियों को पेंशन योजनाओं से जोड़ा गया। मनरेगा के तहत लगभग 3000 मीटर कच्चे मार्गों सहित अन्य विकास कार्य कराए गए। साथ ही 400 व्यक्तिगत शौचालय और एक सामुदायिक शौचालय का निर्माण कर स्वच्छता अभियान को भी मजबूती दी गई।
हरिशंकर ने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं बल्कि ग्राम पंचायत का समग्र विकास रहा है और आगे भी पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना के साथ विकास कार्य जारी रहेंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि बेहतर सड़कें, सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था, शिक्षा संस्थानों का कायाकल्प, स्वच्छता अभियान तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से पारा कला की तस्वीर बदली है। यही कारण है कि आज यह ग्राम पंचायत महराजगंज विकास खंड की अग्रणी पंचायतों में गिनी जाती है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






