महराजगंज/रायबरेली। छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महराजगंज प्रशासन ने मानकविहीन कोचिंग सेंटरों एवं ई-लाइब्रेरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। बुधवार को उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम के नेतृत्व में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर चार संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
हाल ही में लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में सार्वजनिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में महराजगंज प्रशासन ने कोचिंग सेंटरों एवं ई-लाइब्रेरी की व्यापक जांच शुरू की, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
संयुक्त जांच टीम में क्षेत्राधिकारी, अग्निशमन विभाग, पुलिस तथा राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल रहे। टीम ने चंदापुर चौराहे स्थित श्री ई-लाइब्रेरी, पावरहाउस के सामने संचालित लक्ष्य ई-लाइब्रेरी तथा रायबरेली रोड स्थित जीवनधारा एवं ज्ञान गंगा कोचिंग सेंटर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान चारों संस्थानों में सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां पाई गईं। कई स्थानों पर अग्निशमन उपकरण उपलब्ध नहीं थे, जबकि फायर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) एवं अन्य आवश्यक पंजीकरण दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने सभी चारों संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम ने कहा कि बिना वैध पंजीकरण, फायर एनओसी तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन के किसी भी संस्थान को संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि आगामी दिनों में कस्बे के मॉल, अस्पताल, होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य भीड़भाड़ वाले प्रतिष्ठानों की भी विशेष जांच की जाएगी। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार, कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव, एसएसआई देवेंद्र सिंह भदौरिया, लेखपाल संतोष पटेल सहित पुलिस, राजस्व एवं अग्निशमन विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






