किसानों को मिली बड़ी राहत शिवगढ़ ड्रेन की सफाई शुरू, 35 किलोमीटर तक चलेगा अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज, रायबरेली। महराजगंज तहसील क्षेत्र के किसानों के लिए लंबे समय से परेशानी का कारण बनी शिवगढ़ ड्रेन की सफाई का कार्य शनिवार को शुरू हो गया। समाजवादी पार्टी के विधायक श्याम सुंदर भारती के प्रयासों से शुरू हुए इस अभियान से किसानों में खुशी का माहौल है।

शिवगढ़ विकासखंड क्षेत्र के पिपरी गांव स्थित पुल के पास विधिवत रूप से सफाई कार्य का शुभारंभ किया गया। इस दौरान विधायक श्याम सुंदर भारती ने उपस्थित किसानों एवं ग्रामीणों का मुंह मीठा कराकर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन जाती है, जिससे फसलों को नुकसान उठाना पड़ता है। इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए शिवगढ़ ड्रेन की सफाई का कार्य शुरू कराया गया है।

विधायक ने बताया कि लगभग 35 किलोमीटर लंबी ड्रेन की सफाई कराई जाएगी, जिससे बरसाती पानी का सुचारु निकास संभव हो सकेगा और खेतों में जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि किसानों की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

ड्रेन सफाई कार्य शुरू होने से क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली है। किसानों का कहना है कि वर्षों से ड्रेन में गाद और झाड़ियां भर जाने के कारण बारिश के समय खेतों में पानी भर जाता था, जिससे खेती प्रभावित होती थी। अब सफाई कार्य शुरू होने से फसलों को नुकसान से बचाया जा सकेगा और कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होगी।

ग्रामीणों और किसानों ने विधायक श्याम सुंदर भारती के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है। बरसात से पहले शुरू हुई यह सफाई किसानों के लिए किसी सौगात से कम नहीं मानी जा रही है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें