दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का परिवहन विभाग ने किया निरीक्षण, सुरक्षा उपायों पर होगा अमल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा, 03 जून। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने दुर्घटना बाहुल्य एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। एआरटीओ (प्रशासन/प्रवर्तन) गोण्डा आर.सी. भारतीय के नेतृत्व में विभागीय टीम ने कर्नलगंज क्षेत्र के बरदही बाजार एवं बरगदी मोड़ सहित प्रमुख ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का गहन मूल्यांकन किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क की भौतिक स्थिति, यातायात दबाव, मोड़ों की संरचना, संकेतक बोर्डों की उपलब्धता, सड़क चिन्हांकन, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों से संवाद कर दुर्घटनाओं के संभावित कारणों एवं आवश्यक सुधारात्मक उपायों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।

एआरटीओ आर.सी. भारतीय ने बताया कि बरदही बाजार एवं बरगदी मोड़ ऐसे क्षेत्र हैं जहां यातायात का दबाव अधिक रहता है और पूर्व में भी सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन स्थानों की पहचान कर उनका तकनीकी परीक्षण कराया जा रहा है ताकि दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाकर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं सुझावों के आधार पर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) लखनऊ डिवीजन के अधिकारियों को भेजा जाएगा। परिवहन विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के समन्वय से आवश्यक सुरक्षा उपायों, चेतावनी संकेतकों की स्थापना, सड़क सुधार कार्यों तथा अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को लागू करने की कार्रवाई की जाएगी।

आर टी ओ भारतीय ने कहा कि सड़क सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और जनपद में दुर्घटनाओं को न्यूनतम स्तर पर लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क पर सतर्कता बरतने की अपील की।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें