कर्नलगंज, गोण्डा। नगर क्षेत्र में बिना भू-नक्शा पास कराए निर्माण कार्य और नजूल भूमि पर अवैध कब्जों का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। आरोप है कि नगर पालिका परिषद की अनदेखी और प्रशासनिक ढिलाई के चलते नगर में धड़ल्ले से अवैध निर्माण कराए जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई के बजाय जवाबदेही से बचते नजर आ रहे हैं।
मामले की जानकारी लेने के लिए कई दिनों तक नगर पालिका परिषद कर्नलगंज की अधिशाषी अधिकारी सुरभि पाण्डेय से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोप है कि अब तक कोई ठोस जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। बातचीत के दौरान अधिशाषी अधिकारी ने कथित तौर पर कहा कि “किसी एक का नाम बताइए जो निर्माण करवा रहा हो, कर्नलगंज इतना बड़ा है कि सबका नाम याद नहीं रहता।”
पालिका प्रशासन के इस रवैये को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जब जिम्मेदार अधिकारी ही स्पष्ट जवाब देने से बचेंगे तो नगर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर रोक कैसे लगेगी। नगरवासियों का आरोप है कि नजूल भूमि पर लगातार मकान और व्यावसायिक निर्माण किए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन मौन बना हुआ है।
क्षेत्र में चर्चा है कि बिना नक्शा पास कराए निर्माण कार्य खुलेआम चल रहे हैं, जिससे नगर की व्यवस्था और विकास दोनों प्रभावित हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में नगर में अवैध कब्जों की समस्या और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि कुछ अवैध कब्जेदारों को प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। लोगों का कहना है कि प्रदेश सरकार जहां भ्रष्टाचार और अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात करती है, वहीं स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार अधिकारी शासन की मंशा पर पानी फेरते नजर आ रहे हैं।
नगरवासियों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर बिना स्वीकृत नक्शे के हो रहे निर्माण कार्यों और नजूल भूमि पर कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज







