
गोण्डा। कर्नलगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत चंगेरिया में विद्युत विभाग की कथित घोर लापरवाही एक बड़े हादसे का कारण बनते-बनते बच गई। गांव निवासी एक युवक ने मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक, प्रबंध निदेशक विद्युत वितरण निगम तथा अन्य उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की मनमानी तथा लापरवाही के चलते उसके परिवार की जान खतरे में पड़ गई है। पीड़ित ने पूरे मामले को “जानबूझकर मौत के मुंह में धकेलने की साजिश” बताया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसके घर के ठीक बगल में वर्षों पुराना जर्जर विद्युत पोल लगा हुआ है, जिस पर नंगा बिजली का तार झूल रहा था। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने कोई स्थायी समाधान नहीं किया। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व आए आंधी-तूफान में नंगा तार टूटकर सीधे उसके घर के ऊपर गिर गया था, जिससे पूरे परिवार में दहशत फैल गई। इसके बावजूद विभागीय कर्मचारियों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए दोबारा उसी जर्जर पोल से नंगा तार जोड़ दिया।
पीड़ित का आरोप है कि 8 मई की शाम अवर अभियंता, कथित लाइनमैन और कुछ पुलिसकर्मी गांव पहुंचे और जबरन घर में घुसकर अभद्र व्यवहार किया। आरोप यह भी है कि महिलाओं और परिजनों को डराया-धमकाया गया तथा विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। शिकायतकर्ता ने कहा कि विभाग ने जानबूझकर ऐसी लाइन जोड़ दी, जिससे घर के आंगन में लगे स्टे वायर में करंट उतर आया।
बताया गया कि 9 मई की सुबह युवक सफाई कार्य कर रहा था, तभी वह स्टे वायर में उतरे करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों की सतर्कता से उसकी जान बच सकी। घायल युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद भी विभागीय अधिकारी मामले को दबाने में जुटे रहे और शिकायत दर्ज कराने में टालमटोल की गई। युवक ने अपने शिकायती पत्र में स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि भविष्य में उसके परिवार के साथ कोई बड़ी दुर्घटना या आगजनी होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की होगी।
अब यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में जर्जर पोल, खुले तार और लटकती लाइनें लंबे समय से हादसों को दावत दे रही हैं, लेकिन विभाग केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज








