
कर्नलगंज/गोण्डा। तहसील कर्नलगंज क्षेत्र के ग्राम सभा गुमदहा (मन्नीपुरवा) परगना ग्यारिच में स्थित गाटा संख्या 133/0.1500 की तालाब भूमि पर अवैध कब्जे का मामला एक बार फिर चर्चा में है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जिलाधिकारी द्वारा जनसुनवाई में दिए गए आदेश के बावजूद उपजिलाधिकारी स्तर पर कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रह गई है।

मामले में आरोप लगाया गया है कि ग्राम सभा के ही बेचन मिश्र पुत्र बरखंडी, रामकुमार मिश्रा पुत्र बेचन तथा अनूप कुमार मिश्रा पुत्र बेचन द्वारा तालाब की भूमि पर मिट्टी पटाई कर कब्जा कर लिया गया है। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में जिलाधिकारी गोण्डा से जनसुनवाई के माध्यम से शिकायत की थी, जिसके बाद मामले की जांच एवं कब्जा हटाने के लिए उपजिलाधिकारी कर्नलगंज को निर्देशित किया गया था।

बताया जा रहा है कि उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा द्वारा 30 अप्रैल को एक टीम गठित करते हुए नायब तहसीलदार कर्नलगंज, राजस्व निरीक्षक भभुआ, लेखपाल सुरजीत भारती, लेखपाल विकास सिंह तथा हल्का लेखपाल बृजेश श्रीवास्तव को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। हालांकि शिकायतकर्ता का आरोप है कि दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी न तो किसी प्रकार की नोटिस जारी की गई और न ही मौके पर कोई प्रभावी कार्रवाई हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त तालाब गांव के बीच स्थित है और वर्षों से ग्रामीणों एवं पशुओं के उपयोग में आता रहा है। तालाब पर कब्जा होने से भविष्य में जल संकट की समस्या उत्पन्न हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब की भूमि को कब्जामुक्त कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
मामले की शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर भी दर्ज की गई है, जिसकी संदर्भ संख्या 20018326010030 बताई गई है। शिकायतकर्ता ने प्रशासनिक अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज








