

गोंडा, 23 मार्च 2026। जनपद गोंडा में बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की शुरुआत की गई। बाल रक्षा भारत एवं केन्वयू के सहयोग से संचालित “सखी पहल – टू सिक्योर हर फ्यूचर” परियोजना के अंतर्गत 192 छात्राओं को छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने किया।
इस पहल के तहत जिले के 13 हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की 192 छात्राओं को ₹5000 की सखी छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। साथ ही छात्राओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए “सखी किट” का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता मिलने से छात्राओं की पढ़ाई में आने वाली बाधाएं कम होंगी और वे अपने सपनों को साकार कर सकेंगी। यह पहल उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
परियोजना के अंतर्गत किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, जीवन कौशल एवं लैंगिक संवेदनशीलता जैसे विषयों पर नियमित जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही विद्यालयों में वॉश (WASH) सुविधाओं को सुदृढ़ करने, पैड बैंकों की स्थापना तथा मासिक धर्म अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों के नवीनीकरण जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं, जिससे छात्राओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिल सके।
इस अवसर पर बाल रक्षा भारत के मैनेजर डॉ. संतोष कुमार कौशल, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर अखिलेश शुक्ला, आशीष गुप्ता, प्रोजेक्ट असिस्टेंट ज्योति सिंह, सखी सहायक रश्मि तिवारी, ज्योति पांडे, मोहित तिवारी सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज






