माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद में महिलाओं की समस्याओं पर मंडलायुक्त सख्त, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोंडा, 16 मार्च।मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल शशि भूषण लाल सुशील की अध्यक्षता में सोमवार को मंडल मुख्यालय स्थित आयुक्त कार्यालय में माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं की विशेष जनसुनवाई आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आई चार महिलाओं ने अपनी समस्याएं मंडलायुक्त के समक्ष रखीं। मंडलायुक्त ने सभी प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि महिलाओं की समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई के दौरान ग्राम सुरती पुरवा, मौजा रामनगर तरतर, थाना कोतवाली देहात निवासी सूर्यकला देवी पत्नी भवानी भीख ने मंडलायुक्त को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके घर तक जाने वाला रास्ता गांव का सार्वजनिक मार्ग है, जिस पर कुछ लोगों द्वारा टीन शेड रखकर अवैध कब्जा कर लिया गया है। इससे उनके परिवार को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रार्थिनी ने आरोप लगाया कि जब भी वह उस रास्ते से गुजरने का प्रयास करती हैं तो विपक्षीगण लाठी लेकर धमकाते हैं और रास्ते से जाने से मना करते हैं। इस पर मंडलायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी सदर को एक सप्ताह के भीतर जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा अवैध कब्जा पाए जाने पर उसे तत्काल हटवाने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार जनसुनवाई में बहराइच जिले के पयागपुर क्षेत्र के पचदेवरा गांव की निवासी फुलझरा ने जालसाजी कर संपत्ति हड़पने के प्रयास की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनकी माता की मृत्यु के बाद जमीन का बैनामा उनके नाम किया गया था, लेकिन विपक्षीगणों द्वारा कथित रूप से फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार कराकर जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने की बात भी उन्होंने कही। इस पर मंडलायुक्त ने पुलिस अधीक्षक गोंडा को मामले की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, ताकि पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध और प्रभावी न्याय मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

कार्यक्रम के दौरान अपर आयुक्त मीनू राणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें