पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी पर सख्त प्रशासन, डीएम ने दी एफआईआर की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा, 12 मार्च।जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में पेट्रोलियम पदार्थों के व्यवस्थापन एवं सुचारु वितरण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप संचालकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों के वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी गैस एजेंसी द्वारा गैस का ब्लैक या गलत तरीके से वितरण किया गया तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि जनपद की सभी गैस एजेंसियों के कनेक्शनों का पूरा विवरण तथा गैस बुकिंग से जुड़ी आवश्यक जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए, जिससे वितरण व्यवस्था की प्रभावी निगरानी की जा सके। उन्होंने एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान पेट्रोल पंप संचालकों ने जिलाधिकारी को बताया कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा किसी प्रकार की कमी नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोलियम पदार्थों का भंडारण न करें।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि आम लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा सहित अन्य अधिकारी और एजेंसियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें