कटरा बाजार में अवैध क्लीनिक बना मौत का अड्डा: प्रसव के बाद एक नवजात की मौत, दूसरा गंभीर, स्वास्थ्य विभाग पर उठे सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोंडा। जनपद के कटरा बाजार क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। यहां घर के अंदर अवैध रूप से संचालित एक तथाकथित क्लीनिक में प्रसव के बाद एक नवजात की मौत हो गई, जबकि दूसरा नवजात जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और भय का माहौल है।स्थानीय लोगों के अनुसार, यह क्लीनिक लंबे समय से बिना किसी वैध पंजीकरण और प्रशिक्षित डॉक्टर के संचालित हो रहा था। बावजूद इसके, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि प्रसव के दौरान घोर लापरवाही बरती गई, जिससे नवजात की हालत बिगड़ गई और एक की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में ऐसे कई अवैध क्लीनिक खुलेआम चल रहे हैं, जहां गरीब और मजबूर लोग इलाज के नाम पर अपनी जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं। सबसे गंभीर सवाल यह है कि जिम्मेदार विभाग अब तक मौन क्यों है।फिलहाल दूसरे नवजात का इलाज चल रहा है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इस मामले ने एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। जनता की मांग है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और अवैध क्लीनिकों पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें