गोण्डा :शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज (टामसन) गोण्डा में आयोजित खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी-2026 का समापन कार्यक्रम भव्य एवं उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों एवं कलाकारों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदया एवं मुख्य विकास अधिकारी महोदया ने प्रतिभागियों और कलाकारों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग न केवल आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों की सराहना की। उन्होंने युवाओं एवं स्थानीय कारीगरों से खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़कर स्वरोजगार के अवसर अपनाने का आह्वान किया।
समापन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, कारीगर एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय प्रशासन एवं संबंधित विभागों का विशेष योगदान रहा।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज








