






गोण्डा, 02 सितम्बर।जनपद गोण्डा में सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी गोण्डा के निर्देशानुसार 01 सितम्बर से 30 सितम्बर 2025 तक चलाया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी पेट्रोल पम्प स्वामियों को यह स्पष्ट आदेश दिया गया है कि यदि कोई भी दोपहिया वाहन चालक या उसका सहयात्री बिना हेलमेट पेट्रोल भरवाने आता है, तो उसे किसी भी स्थिति में ईंधन न दिया जाए। साथ ही, पेट्रोल पम्पों के प्रांगण में बड़ी-बड़ी होर्डिंग लगाकर वाहन चालकों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि इस आदेश का कड़ाई से पालन अनिवार्य है। परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें समय-समय पर पेट्रोल पम्पों का निरीक्षण करेंगी और यदि किसी पम्प पर नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित पम्प मालिक के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारीगणों ने बताया कि प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। हेलमेट न केवल वाहन चालक बल्कि पीछे बैठने वाले की भी सुरक्षा सुनिश्चित करता है और गंभीर चोटों से बचाव में मदद करता है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं की सुरक्षा हेतु हेलमेट का नियमित प्रयोग करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। यह अभियान केवल नियम लागू करने का प्रयास नहीं है, बल्कि हर नागरिक की जिंदगी की सुरक्षा से जुड़ा एक कदम है।
“आपकी सुरक्षा, आपका अधिकार है — हेलमेट पहनिए, जीवन बचाइए।”
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज









