गोंडा में विद्युत विभाग का औचक निरीक्षण, 17 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

गोंडा, 02 सितम्बर।देवीपाटन मंडल के आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने मंगलवार पूर्वान्ह करीब 10:30 बजे गोंडा स्थित विद्युत विभाग के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभाग की लापरवाही उजागर हुई और कुल 17 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।

निरीक्षण में कार्यालय मुख्य अभियंता (वितरण) मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में 6 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इसी तरह अधीक्षण अभियंता कार्यालय में 2 कर्मचारी, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड-प्रथम में 7 कर्मचारी और अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड-द्वितीय में 2 कर्मचारी ड्यूटी से नदारद पाए गए। कुल मिलाकर एक अधिकारी और 16 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।

आयुक्त ने इस पर गंभीर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि सभी अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाए और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समय से कार्यालय में उपस्थिति न देने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन से भी समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के आदेश हैं और यदि इसके बाद भी कर्मचारी समय से नहीं आते हैं, तो कार्रवाई तय है।

उन्होंने विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और अनुपस्थित या देर से आने वाले कार्मिकों के खिलाफ तत्काल रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई की जाए। आयुक्त ने कहा कि समयपालन से प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ेगी और जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।


 

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें