दहेज में चार पहिया वाहन की मांग, विवाहिता को पीटकर घर से निकाला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

परसपुर (गोंडा)। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पूरे पठान अभईपुर में दहेज लोभियों की हैवानियत का एक और मामला सामने आया है। गांव निवासी श्रीमती निशा पाल ने अपने पति, ससुर, सास और देवर पर दहेज में चार पहिया वाहन की मांग को लेकर उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर परसपुर थाने में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निशा पाल की शादी दो वर्ष पूर्व रंजीत पाल पुत्र साहेब शरन से हुई थी। पीड़िता ने बताया कि विवाह के समय उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं थे। विवाह के बाद से ही चार पहिया वाहन की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ना शुरू हो गई थी।

निशा ने आरोप लगाया कि उसके पति रंजीत पाल, ससुर साहेब शरन, सास नानबच्ची और देवर मंजीत लगातार उसे गालियां देते, मारते-पीटते और चार पहिया वाहन लाने के लिए दबाव डालते थे। जब उसने मांग पूरी नहीं की तो उसे घर से निकाल दिया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई।

इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह मामला समाज में दहेज प्रथा की कुरीति और महिलाओं पर हो रहे अत्याचार की एक और दुखद तस्वीर प्रस्तुत करता है।

 

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें