


परसपुर, गोण्डा। थाना परसपुर क्षेत्र में गांजा बिक्री से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के एक कर्मी ने आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी दी है।बताया जा रहा है कि 4 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर गांजा बिक्री के दाम बताते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो में वह करीब डेढ़ वर्ष से इसी भाव में गांजा बेचने की बात कहता नजर आ रहा है। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी कर्नलगंज क्षेत्र के दत्तनगर के मजरा डैनियागंज का रहने वाला बताया जा रहा है और उस पर परसपुर क्षेत्र में काफी समय से गांजा बेचने का आरोप है।वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए परसपुर पुलिस ने कार्रवाई की और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित रूप से नशीले पदार्थ की बिक्री कितने समय से की जा रही थी और इस कारोबार में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा। मामले में पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








