


महराजगंज/रायबरेली।उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशों के क्रम में रविवार को कोतवाली महराजगंज पुलिस ने ग्राम हलोर क्षेत्र में जनसुनवाई चौपाल का आयोजन किया। चौपाल में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने घरों व आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। साथ ही उन्होंने साइबर अपराध से बचाव के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी और गोपनीय पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी।
चौपाल में हेड कांस्टेबल ज्ञानेंद्र तिवारी ने ग्रामीणों को सरकार एवं पुलिस विभाग द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। महिला अपराध, साइबर अपराध, आपातकालीन सहायता सहित अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं के लिए उपलब्ध टोल फ्री नंबरों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने कहा, “ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता है। सभी लोग किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता और सावधानी सबसे जरूरी है। पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है।”
चौपाल के माध्यम से पुलिस ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए अपराध की रोकथाम में आमजन की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








