प्रदेश में दवा के काले कारोबार पर शिकंजा, 5.43 करोड़ की अवैध दवाएं जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। प्रदेश में नकली और अवैध दवाओं के कारोबार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। विभाग की कार्रवाई में अब तक करीब 5.43 करोड़ रुपये की अवैध दवाएं जब्त की जा चुकी हैं। अमीनाबाद मार्केट से मिले अहम सुरागों के बाद जांच एजेंसियों ने दवा कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल तेज कर दी है।

 

जांच के दौरान सामने आया है कि अवैध दवाओं का नेटवर्क केवल लखनऊ तक सीमित नहीं है। वाराणसी, गोंडा, मेरठ और आगरा समेत कई जिलों में इसके तार जुड़े होने के संकेत मिले हैं। इसी क्रम में बछरावां और रायबरेली में भी आरोपितों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

 

लखनऊ के अमीनाबाद और कैसरबाग थानों में भी संबंधित मामलों को लेकर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। जांच अधिकारियों की पड़ताल में दवाओं की आपूर्ति और वितरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग सामने आने के बाद कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

 

मामले की जांच अब उत्तराखंड तक पहुंच गई है। वहां से भी ऐसे सुराग मिलने की बात सामने आई है, जिनके आधार पर FSDA की टीमें दवा के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

 

अधिकारियों का कहना है कि नकली और अवैध दवाओं के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें