

गोण्डा, 22 अगस्त 2026। विद्यालयी वाहनों की फिटनेस को लेकर परिवहन विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। एआरटीओ प्रशासन आर.सी. भारतीय ने बताया कि रविवार, 23 अगस्त 2026 को भी एआरटीओ कार्यालय सामान्य दिनों की तरह खुला रहेगा। इस दौरान विद्यालयों में संचालित वाहनों के स्वास्थ्यता प्रमाण पत्र (फिटनेस) से संबंधित कार्य किए जाएंगे।
एआरटीओ प्रशासन ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को विशेष व्यवस्था की गई है। जिन विद्यालयों के वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र अभी लंबित है अथवा जिनकी वैधता समाप्त होने वाली है, उनके प्रबंधक एवं प्राचार्य अपने वाहनों के साथ 23 अगस्त को कार्यालय पहुंचकर फिटनेस प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधकों एवं प्राचार्यों से अपील की है कि वे अपने विद्यालय में संचालित सभी वाहनों के अभिलेख और फिटनेस की स्थिति की समय रहते जांच कर लें। निर्धारित प्रक्रिया के तहत वाहनों की तकनीकी जांच के बाद पात्र वाहनों को स्वास्थ्यता प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।
आर.सी. भारतीय ने कहा कि विद्यालयी वाहनों की फिटनेस सीधे तौर पर विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़ी है। इसलिए किसी भी वाहन का संचालन वैध स्वास्थ्यता प्रमाण पत्र के बिना न किया जाए। रविवार को कार्यालय खुलने की सुविधा का लाभ उठाकर विद्यालय प्रबंधन समय से अपने वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित करें।
परिवहन विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधकों से अपील की है कि वे इस व्यवस्था का लाभ उठाते हुए निर्धारित तिथि पर आवश्यक कार्रवाई पूरी कराएं, ताकि विद्यार्थियों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






