

गोण्डा, 17 अगस्त 2026। परसपुर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी और नकबजनी की आठ घटनाओं का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने दो आरोपितों को चरहुआ बाईपास पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, ₹40,800 नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शनि पुत्र रमाशंकर निषाद, निवासी राम नेवाज पुरवा, थाना परसपुर और वीरेन्द्र कश्यप पुत्र दिनेश कुमार कश्यप, निवासी पिकौरा, थाना छपिया के रूप में हुई है।
रेकी के बाद देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वारदात से पहले स्थान की रेकी की जाती थी और मौका देखकर घरों तथा जेवरात की दुकानों को निशाना बनाया जाता था। चोरी के जेवरात राहगीरों को मजबूरी बताकर बेचने और उससे मिली रकम को आपस में बांटने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ और बरामदगी के आधार पर परसपुर थाना क्षेत्र की चार तथा कोतवाली देहात, छपिया और खोड़ारे थाना क्षेत्रों की चार, कुल आठ चोरी/नकबजनी की घटनाओं का अनावरण हुआ है।
सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपितों के पास से दो सफेद धातु के सिक्के, 12 जोड़ी बिछुआ, एक जोड़ी झाला, छह जोड़ी पायल, दो पीली धातु की अंगूठियां, एक नथुनी, एक मटरमाला, एक जोड़ी झुमकी और ₹40,800 नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों के नाम भी पूछताछ में सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं।
शनि पर पहले से कई मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित शनि के खिलाफ परसपुर, उमरीबेगमगंज, कौड़िया और कोतवाली देहात समेत विभिन्न थानों में चोरी और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। वहीं वीरेन्द्र कश्यप के खिलाफ भी विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी आशुतोष सिंह, परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी, सर्विलांस प्रभारी मनीष कुमार समेत एसओजी, सर्विलांस और थाना परसपुर के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








