गोण्डा, 14 अगस्त 2026। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल, बेहतर और कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित पीएम कैशलेस इलाज योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को गोण्डा आरटीओ कार्यालय के मीटिंग हॉल में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना से जुड़े अस्पतालों के नोडल अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में दुर्घटना पीड़ित को घटनास्थल से अस्पताल पहुंचाने, उसकी पहचान संबंधी प्रक्रिया पूरी करने, प्रारंभिक उपचार एवं स्थिरीकरण तथा योजना के तहत आगे के उपचार की प्रक्रिया को समयबद्ध और सुचारु बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट ने शिकायत निवारण अधिकारी के रूप में प्रतिभाग किया। इसके अलावा पुलिस विभाग के नोडल अधिकारी एवं सीओ ट्रैफिक, चिकित्सा विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. जीएम चिश्ती, EDAR नोडल अधिकारी फैजल फत्ताह, EDM गोण्डा, एआरटीओ तथा योजना में शामिल 11 अस्पतालों के नोडल अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने दुर्घटना पीड़ित की आईडी तैयार करने की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया। बताया गया कि पुलिस विभाग द्वारा पहचान संबंधी प्रक्रिया समय से पूरी किया जाना जरूरी है, ताकि घायल को अस्पताल में उपचार प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अस्पताल पहुंचने के बाद प्रारंभिक उपचार और स्टेबलाइजेशन के साथ योजना के तहत आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में TMS से PFMS तक उपचार एवं भुगतान की प्रक्रिया की जानकारी साझा की गई। संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारियों और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय घायल व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में उपचार की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। योजना में शामिल सभी अस्पतालों के नोडल अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन संवेदनशीलता, तत्परता और समयबद्धता के साथ करने के निर्देश दिए गए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि दुर्घटना पीड़ितों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े और उन्हें निर्धारित प्रावधानों के अनुसार तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सहायता मिल सके। अधिकारियों ने आपसी समन्वय और त्वरित कार्रवाई के साथ सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






