पीड़ित ने लगाई उप जिलाधिकारी से न्याय की गुहार।
महराजगंज (रायबरेली)।विकासखंड क्षेत्र के पखनपुर गांव निवासी रविंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय बाबादीन ने अपनी पुश्तैनी भूमि पर गांव के कुछ दबंगों द्वारा अवैध कब्जे का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने गांव के रामप्यारे पुत्र अल्पी, पल्टू पुत्र अल्पी, तथा रामकिशोर पुत्र महादेव के खिलाफ थुलेंडी चौकी, और उपजिलाधिकारी महराजगंज व तहसील दिवस में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित रविंद्र कुमार के अनुसार उन्होंने अपनी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा दिलाए जाने के लिए 28 जून 2022 को उप जिलाधिकारी महराजगंज के न्यायालय में हथबरारी का वाद दायर किया था। मामले की सुनवाई के बाद उप जिलाधिकारी न्यायालय ने 14 जून 2023 को भूमि की पैमाइश, सीमांकन एवं पथरगढ़ी कराने का आदेश दिया था। आदेश के अनुपालन में राजस्व निरीक्षक द्वारा भूमि का सीमांकन कर उसे चिन्हित भी कर दिया गया, लेकिन आज तक उन्हें जमीन पर वास्तविक कब्जा नहीं मिल सका।
रविंद्र कुमार का आरोप है कि गांव के दबंगों के प्रभाव के कारण प्रशासनिक आदेश के बावजूद वह अपनी पुश्तैनी जमीन का कब्जा पाने से वंचित हैं। उनका कहना है कि आरोपित लगातार जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे उन्हें अपनी संपत्ति को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि न्यायालय के आदेश का तत्काल पालन कराते हुए उन्हें उनकी पुश्तैनी भूमि पर कब्जा दिलाया जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
मामले में उप जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम का कहना है कि पीड़ित द्वारा तहसील दिवस में शिकायती पत्र दिया गया है हल्का लेखपाल राजस्व निरीक्षक को भेज कर जल्द ही मामले का निस्तारण किया जाएगा।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







