

मतदेय स्थलों पर पहुंचकर दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की कार्यवाही का लिया जायजा
*गोण्डा 21 नवम्बर,2026*। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विशेष अभियान के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन ने जूनियर हाईस्कूल रामापुर, तरबगंज में स्थापित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा मतदाताओं से प्राप्त किए जा रहे दावे एवं आपत्तियों से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मतदेय स्थलों पर पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण के अंतर्गत प्राप्त हो रहे आवेदन पत्रों, नए मतदाताओं के नाम सम्मिलित किए जाने, अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम हटाने तथा निर्वाचक नामावली में आवश्यक संशोधन से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों से उनके बूथों पर प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का अवसर दिया जाए। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं एवं ऐसे पात्र नागरिकों, जिनका नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हो पाया है, को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसलिए सभी बीएलओ अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। प्राप्त होने वाले दावे एवं आपत्तियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज करते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए और किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा लापरवाही न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने मतदेय स्थलों पर उपस्थित बीएलओ को अभियान के प्रति सजग रहते हुए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कराने तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






