चार साल की सेवा के बाद राम मिलन यादव को दी गई भावभीनी विदाई, संजीव कुमार भारती ने संभाला कार्यभार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज (रायबरेली)।** विकासखंड महराजगंज के खंड शिक्षा अधिकारी राम मिलन यादव का गैर जनपद स्थानांतरण होने पर बुधवार को बीआरसी कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान शिक्षकों और कार्यालय कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके चार वर्षीय कार्यकाल की सराहना की। शिक्षकों ने फूल-मालाओं और प्रतीक चिह्न भेंट कर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।

विदाई समारोह में वक्ताओं ने राम मिलन यादव के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में शिक्षा विभाग के कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर एआरपी विकास चौधरी, दिनेश शुक्ला, शालिनी पाण्डेय, जूनियर शिक्षक संघ के संरक्षक अखिलेश कुमार, अध्यक्ष शिवबालक, मंत्री देशराज यादव, रचना शाक्य, ऊषा सिंह, कंचन सिंह, पूजा, पूनम तथा अनुदेशक मनीष कुमार सिंह सहित सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे।

वहीं, लखीमपुर खीरी से स्थानांतरित होकर आए नवागत खंड शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार भारती ने बुधवार को बीआरसी कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि विकासखंड में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, बेहतर पठन-पाठन का माहौल तैयार करने तथा छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शैक्षिक योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए विकासखंड को शैक्षिक रैंकिंग में बेहतर स्थान दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी।

इस प्रकार एक ओर जहां शिक्षकों ने निवर्तमान खंड शिक्षा अधिकारी को भावुक माहौल में विदाई दी, वहीं दूसरी ओर नवागत बीईओ के स्वागत के साथ शिक्षा व्यवस्था में नई उम्मीदों का आगाज हुआ।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें