

गोंडा।** कोतवाली नगर क्षेत्र के पुरानी सब्जी मंडी, मालवीय नगर में दीपावली के अवसर पर घर आए युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एक व्यक्ति पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली-गलौज करने, लोहे के डंडे से हमला कर घायल करने तथा बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी अभद्रता और अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
मामले में पीड़ित जुगुल सोनकर पुत्र भगवती प्रसाद निवासी पुरानी सब्जी मंडी, मालवीय नगर ने कोतवाली नगर थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, दिनांक 8 नवंबर 2026 को वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान उसका पुत्र आयुष सोनकर दीपावली के अवसर पर अपने कुछ मित्रों के साथ घर आया हुआ था। आरोप है कि तभी मोहल्ले के सुधीर कश्यप पुत्र संतराम कश्यप ने बच्चों के बीच हो रही बातचीत को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर विपक्षी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए भद्दी-भद्दी गालियां दीं और आक्रोशित होकर लोहे के डंडे से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे वह घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर उसकी पत्नी रजनी सोनकर मौके पर पहुंचीं तो उनके साथ भी अभद्रता और गाली-गलौज किए जाने का आरोप है।
पीड़ित के अनुसार, घटना के दौरान विपक्षी ने उसे और उसके परिवार को अपमानित किया। इसके बाद उसकी पत्नी ने तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दी।पीड़ित ने प्रार्थना पत्र में विपक्षी के राजनीतिक प्रभाव का हवाला देते हुए अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है। उसने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लेने, निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपित के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाई गई है।
नोट: समाचार में लगाए गए आरोप पीड़ित के शिकायती प्रार्थना पत्र पर आधारित हैं। पुलिस जांच एवं आधिकारिक पुष्टि के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थितिस्पष्ट होगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







