कर्नलगंज, गोण्डा।** गंगा उत्सव-2026 के अवसर पर बुधवार को करनैलगंज स्थित सरयू-कटरा घाट पर भव्य सरयू आरती, भजन संध्या एवं दीपोत्सव का आयोजन किया गया। श्रद्धा, आस्था और भक्ति के माहौल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सरयू घाट हजारों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर मां सरयू की आराधना की और सुख-समृद्धि एवं लोक कल्याण की कामना की।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देश पर जिला गंगा समिति के तत्वावधान में वन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से सरयू आरती की गई। इसके बाद भजन संध्या में प्रस्तुत भक्ति गीतों ने लोगों को भावविभोर कर दिया। वहीं दीपदान के दौरान घाट पर दीपों की आकर्षक छटा देखते ही बनी।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को नदियों की स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि नदियां भारतीय संस्कृति और सभ्यता की जीवनरेखा हैं। इनके संरक्षण और स्वच्छता की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है। ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, जिला महामंत्री विष्णु प्रताप नारायण सिंह, करनैलगंज विधायक प्रतिनिधि सूरज सिंह, गुड्डू सिंह, परसपुर के पसका प्रधान पिंकू सिंह, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष देवेंद्र दीक्षित, जिला पंचायत सदस्य विवेक सिंह सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष मौजूद रहे। इसके अलावा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्र की महिलाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
**कर्नलगंज से पवनदेव सिंह की
रिपोर्ट।**
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







