जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर रहमान ने जांच रिपोर्ट के आधार पर की कार्रवाई, जवाब मिलने के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई।
महराजगंज, रायबरेली।नगर के वार्ड नंबर आठ स्थित पैगंबर नगर की सील की गई उचित दर विक्रेता की दुकान से 39 राशन कार्ड धारकों को खाद्यान्न वितरित किए जाने की ऑनलाइन एंट्री मिलने के मामले में जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर रहमान ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित कोटेदार जियाउल हक से 15 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है। इस कार्रवाई से राशन वितरण में अनियमितता करने वाले कोटेदारों में खलबली मची हुई है।
गौरतलब है कि बीते 14 अक्टूबर को जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर महाराजगंज, लालगंज और अमावा के पूर्ति निरीक्षकों तथा नायब तहसीलदार उमेश चंद्र त्रिपाठी की मौजूदगी में अनियमितताओं के आरोपों के चलते उचित दर विक्रेता की दुकान को सील कर दिया गया था। इसके अगले दिन 15 अक्टूबर को जांच टीम नायब तहसीलदार वंदना वर्मा के साथ दुकान पहुंची और सील खुलवाकर वहां मौजूद खाद्यान्न का सत्यापन किया।
सत्यापन के दौरान जांच टीम को एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। दुकान की सील खुलने से पहले ही ऑनलाइन वितरण पोर्टल पर 39 राशन कार्ड धारकों को खाद्यान्न वितरित किए जाने की एंट्री दर्ज मिली। इनमें माया देवी, सुशीला, अंकित कुमार और सुनीता सहित अन्य कार्डधारक शामिल थे। इसके बाद जांच अधिकारियों ने मोहल्ले के कई राशन कार्ड धारकों के बयान भी दर्ज किए। कुछ कार्डधारकों ने कोटेदार के पक्ष में बयान दिए, जबकि कुछ ने वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए।
मामले की जांच क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी डॉ. राकेश ऋषभ के नेतृत्व में कराई गई। महाराजगंज के पूर्ति निरीक्षक मुकेश पांडेय, अमावा और लालगंज के पूर्ति निरीक्षकों सहित अन्य अधिकारियों की टीम ने खाद्यान्न वितरण से संबंधित रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को सौंप दी।
जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर रहमान ने बताया कि जांच अधिकारियों की रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। संबंधित कोटेदार से 15 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उनका कहना है कि कोटेदार का जवाब मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई निर्धारित की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






