करवा चौथ को लेकर बाजारों में उमड़ी महिलाओं की भीड़, मेहंदी और श्रृंगार की दुकानों पर रही रौनक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नवविवाहित महिलाओं में दिखा खास उत्साह, पति की लंबी आयु और अखंड सौभाग्य के लिए रखेंगी निर्जला व्रत

 

महराजगंज, रायबरेली।कस्बे सहित ग्रामीण अंचलों में सुहागिनों के पर्व करवा चौथ को लेकर उत्साह चरम पर है। पति की लंबी आयु और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए रखे जाने वाले इस पावन निर्जला व्रत की तैयारियों को लेकर बुधवार को बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। खासकर नवविवाहित महिलाओं में अपना पहला करवा चौथ मनाने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

गुरुवार को मनाए जाने वाले करवा चौथ पर्व के मद्देनजर महराजगंज, हलोर और मऊ सहित आसपास के बाजारों में सुबह से ही ब्यूटी पार्लर, मेहंदी, चूड़ी, साड़ी और श्रृंगार की दुकानों पर महिलाओं की भारी भीड़ जुटी रही। मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं को घंटों इंतजार करना पड़ा। पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने से दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए।

स्थानीय दुकानदार रिंकू जायसवाल, अनुज और मानस ने बताया कि करवा चौथ के अवसर पर छलनी, मिट्टी के करवे और पूजा में इस्तेमाल होने वाले सजावटी सामानों की मांग में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, पार्लर संचालिका पुष्पा ने बताया कि मेहंदी और मेकअप के लिए पहले से बुकिंग होने के बावजूद महिलाओं की भारी भीड़ बनी हुई है।

व्रती महिलाओं रेखा, बबीता, कमला, प्रियांशी और अल्का मिश्रा ने बताया कि करवा चौथ केवल एक व्रत नहीं, बल्कि पति के प्रति प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक है। इस दिन महिलाएं सोलह श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती हैं और पति की दीर्घायु तथा सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करती हैं।

पंडित जीतू अवस्थी ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार करवा चौथ पर चंद्रमा की पूजा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि चंद्रदेव की आराधना से वैवाहिक जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जाती है। गुरुवार की शाम चंद्रमा के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद व्रती महिलाएं अपना निर्जला व्रत संपन्न करेंगी।

करवा चौथ को लेकर बाजारों में दिख रही चहल-पहल और महिलाओं के उत्साह ने पूरे क्षेत्र में पर्व का माहौल बना दिया है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें