समाधान दिवस में 135 शिकायतें पहुंचीं, पांच का मौके पर निस्तारण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा। जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील गोण्डा सदर में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

गोण्डा सदर तहसील में कुल 135 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 130 मामलों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों की टीमें गठित कर मौके पर भेजी जाएं। स्थलीय जांच के दौरान दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनने के बाद निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

अवैध अतिक्रमण, चकरोड, नाली, तालाब की भूमि और अवैध कब्जे से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही निस्तारण की प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराने के भी निर्देश दिए गए।

लाभार्थियों को योजनाओं का मिला लाभ

सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं लाभ प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास स्वीकृति पत्र, मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के स्वीकृति पत्र, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, क्षय रोगियों को पोषण पोटली, आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड समेत अन्य योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र वितरित किए।

इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी, सीएमओ डॉ. संतलाल, एसडीएम सदर जितेंद्र गौतम, तहसीलदार मनीष कुमार, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय, डीपीआरओ जीडी जैन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें