



महराजगंज/रायबरेली: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन गुरुवार को क्षेत्रभर में उत्साह, उल्लास और गरिमामय वातावरण के बीच मनाया गया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। इसी क्रम में पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता रामलाल अकेला ने बछरावां स्थित अपने आवास कार्यालय पर सैकड़ों समर्थकों एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर 11 किलो का विशाल केक मंगाया गया था।

आपको बता दें कि, कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने विधिवत केक काटा और सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र के समक्ष प्रतीकात्मक रूप से केक खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को अपने हाथों से केक खिलाकर मुंह मीठा कराया और प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिन की बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने की कामना करते हुए उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
विकास और जनसेवा को आगे बढ़ाने का संकल्प: पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने अपने संबोधन में कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश और समाज की सेवा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी है। उनके नेतृत्व में देश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री के विचारों और जनकल्याणकारी कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए भी सक्रिय रहना चाहिए।
प्रधानमंत्री का नेतृत्व देश को नई दिशा दे रहा: चेयरमैन शिवेंद्र सिंह उर्फ रामजी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, देश के विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों को आम जनता तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर हम सभी को समाज और क्षेत्र के हित में सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प लेना चाहिए।
जनसेवा और संगठन की मजबूती पर जोर: ब्लाक प्रमुख अमन सिंह दऊवा ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह है। ऐसे अवसर कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
अस्पताल पहुंचकर मरीजों व तीमारदारों में बांटे फल, पीएम मोदी के दीर्घायु होने की कामना: कार्यक्रम के उपरांत पूर्व विधायक रामलाल अकेला, चेयरमैन शिवेंद्र सिंह उर्फ रामजी सहित भाजपा कार्यकर्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचे। वहां उन्होंने अधीक्षक एवं चिकित्सकों के साथ मिलकर अस्पताल में भर्ती मरीजों तथा उनके तीमारदारों को फल वितरित किए। पूर्व विधायक और चेयरमैन ने मरीजों से उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस दौरान मरीजों एवं तीमारदारों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई। अस्पताल परिसर में फल वितरण के दौरान जनप्रतिनिधियों और चिकित्सकों ने सेवा भावना को जनकल्याण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख अमन सिंह दऊवा, चेयरमैन शिवेंद्र सिंह उर्फ रामजी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह, सभासद वीरभान सिंह, पूर्व प्रधान महेंद्र यादव, शक्ति केंद्र विशुनपुर के संजीव शुक्ला, सभासद बालकृष्ण पाण्डेय, पूर्व प्रधान धुलेंडी राजू रायनी, अभिषेक वर्मा, निजामुद्दीन, पूर्व सभासद मयंक रंजन द्विवेदी, बाबू शुक्ला, राजू पाठक सहित बड़ी संख्या में समर्थक एवं संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए देश की उन्नति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।





