स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर से सात वर्षीय बच्ची की मौत, मां-बेटा गंभीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

परसपुर (गोण्डा)। डेहरास-गोण्डा मार्ग पर कटेला के पास बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2:30 बजे स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार सात वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता और दादी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार सालपुर पाठक निवासी फिदा हुसैन (40) अपनी मां हबीरन (60) और सात वर्षीय बेटी सायना के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान गोंडा की ओर से आ रही स्कॉर्पियो संख्या UP32 FM 2280 ने कटेला के पास मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल के ऊपर पलट गई।

हादसे में सायना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फिदा हुसैन और हबीरन गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर पहुंचाया।

सीएचसी परसपुर में चिकित्सक डॉ. लवकेश शुक्ला ने दोनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय गोण्डा रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें