


गोण्डा, 15 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ने के लिए गोण्डा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान जनपद, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित होगा।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने अभियान की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध तैयारी और प्रभावी मॉनीटरिंग के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देने के साथ सेवा, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ा जाएगा।
12 प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए होगा आयोजन।
अभियान के तहत ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी-डिजिटल एवं रील अभियान’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट-इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ से होगी। इस दौरान लाभार्थी परिवारों की सूची तैयार करने के साथ चिकित्सालयों में फल वितरण, रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा जयंती पर टूलकिट वितरण और दिव्यांगजन कल्याण कार्यक्रम आयोजित होंगे। शाम सात बजे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और सरकारी भवनों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
स्कूलों और युवाओं को भी जोड़ा जाएगा।
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विद्यालयों में चित्रकला, भाषण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं होंगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में युवा संवाद और ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।वहीं विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं का विधानसभा, विकासखंड और ग्राम पंचायतवार डिजिटल डाटा बैंक तैयार किया जाएगा। इसमें लाभार्थियों की अद्यतन सूची के साथ विकास कार्यों के पहले और बाद के फोटो, वीडियो तथा ड्रोन फुटेज भी शामिल किए जाएंगे।
‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों में मिलेंगी योजनाओं की सुविधाएं
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंडों में सात दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य मेलों के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन और सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाकर 100 प्रतिशत सैचुरेशन का लक्ष्य रखा गया है।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ निकाली जाएगी। पैदल, साइकिल और बाइक रैलियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाले लोगों को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री का संबोधन दिखाया जाएगा तथा विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
17 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, योग, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, नशामुक्ति, डिजिटल साक्षरता और साइबर सुरक्षा समेत विभिन्न सेवा गतिविधियों में लोगों की भागीदारी कराई जाएगी।
अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा। इस दौरान अभिनंदन प्रस्ताव, सामूहिक वंदे मातरम् गान और विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा। अभियान के दौरान ग्राम चौपाल, लेजर शो और तीर्थ स्थलों पर महायज्ञ व प्रार्थना सभाएं भी प्रस्तावित हैं। 25 सितंबर को डिजिटल लाइब्रेरी के लोकार्पण की भी योजना है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







