


ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली और राजस्व संबंधी समस्याएं उठाईं, एसडीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
महराजगंज/रायबरेली। महराजगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा पुरासी में उपजिलाधिकारी चंद्रप्रकाश गौतम ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, विद्युत आपूर्ति, राजस्व समेत विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
चौपाल में सबसे गंभीर मुद्दा हर वर्ष बारिश के दौरान खेतों में होने वाले जलभराव का रहा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी खेतों में जमा हो जाता है। इससे फसलें डूबकर बर्बाद हो जाती हैं और किसानों को हर साल भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। ग्रामीणों ने जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराकर समस्या का समाधान कराने की मांग एसडीएम से की।
ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम चंद्रप्रकाश गौतम ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी मौके पर निरीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
चौपाल में पूर्ति निरीक्षक मुकेश पांडे, ग्राम विकास अधिकारी सर्वोत्तम सिंह, कानूनगो मोहम्मद अहमद, प्रधान प्रतिनिधि गंगासागर पांडे, लेखपाल संतोष यादव, शिवमोहन तिवारी, सूरज द्विवेदी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








